डिजिटल युग में हिन्दी आलोचना की लिपिगत व भाषाई चिंतन

आज के इस उत्तर-आधुनिक समय में जब हम अपनी हथेली पर रखे स्मार्टफोन नामक यंत्र को देखते हैं,तो यह केवल दूरस्थ बैठे किसी व्यक्ति से संवाद स्थापित करने का यांत्रिक माध्यम भर प्रतीत नहीं होता। इसने अत्यंत मौन तरीके से,हमारी बिना भनक के, हमारे समूचे सामाजिक ताने-बाने,हमारी देशज संस्कृति और हमारी मौलिक सोच के विन्यास को समूल बदल कर रख दिया है। व्हाट्सएप की 

 चैट बॉक्स से लेकर सोशल मीडिया के अनियंत्रित और उन्मुक्त वैश्विक मंचों पर आज जिस तीव्र गति से 'हिंग्लिश' (अर्थात देवनागरी के स्थान पर रोमन अक्षरों में हिंदी को लिपिबद्ध करना) का व्यामोह बढ़ा है,उसे महज़ समय बचाने का कोई शॉर्टकट,कोई तात्कालिक सुविधा या तकनीकी विवशता मान लेना हमारी वैचारिक चेतना की सबसे बड़ी और आत्मघाती भूल होगी। जब हम 'डिजिटल हिन्दी की आलोचना दृष्टि' के धरातल पर स्थिर होकर इस पूरे परिदृश्य का सूक्ष्म विश्लेषण करते हैं,तो यह यथार्थ शीशे की तरह साफ हो जाता है कि अपनी मातृभाषा की बात को अभिव्यक्त करने के लिए किसी पराई भाषा की लिपि का बैसाखी की तरह सहारा लेना और अपने रोज़मर्रा के सहज संवाद में जबरदस्ती अंग्रेजी की शब्दावली को ठूंसना,दरअसल एक नए किस्म की सूक्ष्म मानसिक दासता (Linguistic Hegemony) के अतिरिक्त और कुछ नहीं है। यह लत हमारी भाषा की आंतरिक जीवनी-शक्ति और उसकी सदियों पुरानी मौलिक पहचान को दीमक की तरह भीतर ही भीतर खोखला कर रही है। यह पूरा बाज़ारवादी तंत्र अत्यंत चालाकी से हमारी आँखों के सामने से हमारी अपनी देवनागरी लिपि को बेदखल करने के षड्यंत्र में लिप्त है। भाषा,लोक-संस्कृति और देशज सरोकारों से गहरा जुड़ाव रखने वाले किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के लिए यह परिदृश्य एक अत्यंत भयावह,गंभीर एवं गहरे सांस्कृतिक संकट का अलार्म है।

इस आभासी संसार का सबसे अंधकारमय तथा चिंताजनक पक्ष यह है कि यह मनुष्य को उसकी स्वाभाविक भाषाई स्वाधीनता से सुदूर निर्वासन की ओर धकेल देता है। जब आज की नई डिजिटल पीढ़ी अपनी मोबाइल स्क्रीन पर देवनागरी के चिर-परिचित अक्षरों को त्यागकर रोमन के अपरिचित और अवैज्ञानिक वर्णों को थामती है,तो वह केवल एक सतही लिपि नहीं बदल रही होती,अपितु वह अनजाने में उस समूची ऐतिहासिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान-मीमांसा से अपना जीवंत नाता तोड़ रही होती है जो देवनागरी के इन अक्षरों के भीतर सदियों की साधना से संचित है। तकनीक जब मनुष्य की स्वतंत्र चेतना पर पूर्णतः हावी होने लगती है,तो उसका पहला एवं सबसे क्रूर प्रहार भाषा की स्वाभाविकता और उसकी अंतरात्मा पर होता है। वर्तमान युग में डिजिटल माध्यमों का विवेकपूर्ण उपयोग करना समय की अनिवार्य मांग हो सकता है, परंतु तकनीक के इस अंधे कुहासे में विलीन होकर अपनी मूल पहचान को ही दांव पर लगा देना किसी भी प्रगतिशील समाज के लिए तर्कसंगत नहीं ठहराया जा सकता। समकालीन आलोचना की पारखी और खोजी दृष्टि हमें इसी तकनीकी छद्मजाल से बार-बार सचेत करती है और इस औपनिवेशिक तंत्र के विरुद्ध एक सशक्त वैचारिक प्रतिरोध खड़ा करने की वैचारिक ज़मीन तैयार करती है।



शोधालेख की अष्टसूत्रीय प्रारूप व व्याख्या


१. स्मार्टफोन की आभासी दुनिया व भाषाई अस्मिता का संकट

इस भाषाई परावलंबन तथा दासता का एक और अत्यंत दुखद व कारुणिक आयाम हमारे सामने आता है—यह संकट हमारी मौखिक अभिव्यक्ति को भी पूरी तरह से अपंग और पंगु बना रहा है। जो युवा वर्ग अहोरात्र अपने कीबोर्ड पर रोमन लिपि में हिन्दी टाइप करने का अभ्यस्त हो चुका है, उसकी जीभ से धीरे-धीरे हिंदी के ठेठ तत्सम एवं तद्भव शब्दों का वह स्वाभाविक माधुर्य,उनकी कोमलता और शुद्ध शास्त्रीय उच्चारण भी विलीन होने लगा है। वह 'ज्ञान' जैसी वैज्ञानिक ध्वनि को 'Gyan' और 'क्षमा' जैसी संयुक्त ध्वनि को 'Kshama' लिखते-लिखते इनके वास्तविक स्वर-विज्ञान, इनके आध्यात्मिक अर्थ और इनके भीतर संचित लोक-अनुभव की गहराइयों से सर्वथा विमुख हो जाता है। यह दुखद स्थिति किसी भी जीवंत भाषा के क्रमिक विलोपन की और उसे मृत भाषा बनाने की पहली सीढ़ी है,जिसे समय रहते पहचानना, उसकी घेराबंदी करना तथा उसे रोकना आज के प्रबुद्ध समाज के लिए अनिवार्य हो चुका है। डिजिटल तकनीकी दौर में हिन्दी की आलोचनात्मक दृष्टि इसी अत्यंत नाजुक एवं संक्रमणकालीन मोड़ पर आकर अधिक आक्रामक और प्रखर होती है; क्योंकि यह संघर्ष केवल कुछ अक्षरों या लकीरों को बचाने की सतही चिंता नहीं है,बल्कि यह उस समूची देशज लोक-सभ्यता के स्वर को अक्षुण्ण रखने का महा-संग्राम है जो इस भाषा के भीतर युगों-युगों से सांस लेती आई है।



२.ऐतिहासिक प्रस्थान बिंदु: भारतेंदु युग से सांस्कृतिक स्वाधीनता तक

यदि हम निष्पक्ष भाव से 'हिन्दी साहित्य का इतिहास' पलटकर देखें एवं उसकी बहुआयामी विकास-यात्रा का गंभीर मूल्यांकन करें, तो हमें यह गौरवपूर्ण सत्य दिखाई देगा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र के नवजागरण काल से लेकर आज के इस अत्याधुनिक डिजिटल समय तक हमारी भाषा ने इतिहास के हर नए तकनीकी, सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक बदलाव को पूरी जीवंतता और सहर्ष स्वीकारोक्ति के साथ अंगीकार किया है, परंतु अत्यंत विपरीत तथा दमनकारी परिस्थितियों में भी उसने अपनी मूल लिपि और अपनी आत्मा से कभी विश्वासघात नहीं किया। 'हिंदी आलोचना का विकास' भी हमें इसी ऐतिहासिक और प्रामाणिक सत्य से साक्षात कराता है कि हमारे युगप्रवर्तक आलोचक डॉ.रामविलास शर्मा जिस भाषाई पहचान तथा देशज सांस्कृतिक स्वाधीनता की पुरज़ोर वकालत करते थे,उसकी सबसे पहली,अनिवार्य व अकाट्य शर्त हमारी देवनागरी लिपि की वैज्ञानिकता (Orthographic Identity) ही थी। डॉ.शर्मा का यह सुचिंतित तथा सुदृढ़ मत था कि किसी भी समाज की वास्तविक स्वाधीनता उसकी अपनी भाषा और उसकी अपनी लिपि के प्रति अगाध स्वाभिमान और गौरव-बोध में ही अंकुरित होती है।

समकालीन समालोचनात्मक दृष्टि से यदि इस वर्तनीगत संकट की अंतस्तल की गहराई को नापा जाए,तो यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाता है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के आभासी पटल पर तात्कालिक उत्तेजना, क्षणिक वाहवाही और रफ़्तार के आत्मघाती फेर में फंसा हुआ हमारा युवा वर्ग जब अपनी स्क्रीन पर रोमन अक्षरों का अनियंत्रित तथा उच्छृंखल उपयोग करता है,तो वह संज्ञानात्मक विस्मृति (Cognitive Amnesia) नामक एक मानसिक बीमारी की गिरफ्त में क्रमिक रूप से समाने लगता है। इसके अत्यंत दूरगामी एवं दुष्परिणाम स्वरूप देवनागरी अक्षरों की असली बनावट,उनका संपूर्ण स्वर-विज्ञान और उनकी आंतरिक पहचान हमारे मानस-पटल से धीरे-धीरे पूरी तरह ओझल होने लगती है। युग-दष्टा आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने साहित्य में जिस 'लोकमंगल' यानी संपूर्ण समाज के व्यापक कल्याण व भले का सनातन सिद्धांत प्रतिपादित किया था,उसे आज के इस परिप्रेक्ष्य की कसौटी पर कसकर देखें, तो डिजिटल हिन्दी का यह मशीनी भटकाव हमारे युवाओं को उनकी अपनी सोंधी मिट्टी,अंचल की मेड़ और उन देशज संस्कारों (Cultural Dislocation) से मीलों दूर ले जा रहा है,जो देवनागरी की विशिष्ट बनावट,उसकी घुमावदार रेखाओं व उसकी ध्वनि-प्रक्रिया के एक-एक कण में रचे-बसे हैं। देवनागरी केवल कुछ लकीरों और रेखाओं का निर्जीव ढांचा नहीं है,अपितु वह हमारी सामासिक संस्कृति, हमारी सामूहिक स्मृतियों व हमारी जातीय चेतना का साक्षात विज़ुअल और दृश्य रूप है।

जब हम भारतेंदु युग के पत्रकारिता एवं भाषाई आंदोलन के इतिहास के परिदृश्य को स्मरण करते हैं, तो हमें यह स्पष्ट दिखाई देता है कि उस संक्रमण काल में भी जब देश में छपाई की नई तकनीक,आधुनिक प्रेस और मुद्रण कला का आगमन हुआ था,तब भारतेंदु हरिश्चंद्र व उनके समकालीन प्रतापनारायण मिश्र,बालकृष्ण भट्ट जैसे विद्वान लेखकों ने उस नई तकनीक का भरपूर और मुक्त कंठ से स्वागत किया था। परंतु, ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि उन्होंने तकनीक के बाज़ारवादी अहंकार के सामने कभी घुटने नहीं टेके। उन्होंने हिन्दी भाषा की व्याकरणिक मर्यादा, उसकी आंतरिक शुद्धता तथा देवनागरी लिपि की संप्रभुता से कभी कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने तकनीक को हिन्दी की सेवा में लगाया और उसे भाषा का अनुचर बनाया, न कि हिंदी को तकनीक की चेरी या दासी बनने दिया। आज का परिदृश्य इसके बिल्कुल विपरीत और शोचनीय है; आज कॉर्पोरेट तकनीक और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के एल्गोरिदम यह तय कर रहे हैं कि हमारी भाषा का स्वरूप तथा लिपि क्या होगी, जो कि हमारी बौद्धिक दासता और मानसिक पराजय का स्पष्ट उद्घोष है। यदि आचार्य रामचंद्र शुक्ल या डॉ.रामकुमार वर्मा आज के इस डिजिटल कोलाहल,रील संस्कृति व हिंग्लिश के उन्माद को देखते, तो वे निश्चित ही इसे 'मशीनी सभ्यता का विकृत राक्षसी भटकाव' की संज्ञा देते,जो मनुष्य के भीतर के सहज,सात्विक एवं रागात्मक भाषाई सौंदर्य को समूल कुचल रहा है।




३. डिजिटल तकनीकी हिन्दी रचना संसार व आधुनिकता का छद्मवेष


आज जो हमारा यह तथाकथित और बहु-प्रचारित 'डिजिटल तकनीकी हिंदी रचना संसार' चारों ओर दिखाई दे रहा है,उसमें ब्लॉग,ई-पत्रिकाएं, साहित्यिक वेबसाइट्स और फेसबुक-व्हाट्सएप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म लिखने-पढ़ने और अभिव्यक्ति के नए औजार बनकर तो उभरे हैं,परंतु इस नए छद्म परिवेश में हिंग्लिश लिखने या बोलने को आधुनिकता, प्रगतिशीलता,वैश्वीकरण या फैशन का पर्याय मान लेना इस समाज के साथ और हमारी भावी पीढ़ियों के साथ किया जा रहा एक बहुत बड़ा बौद्धिक धोखा और छलावा है। इस डिजिटल हिन्दी पर एक कड़ा पहरा, एक सख्त अनुशासन और पैनी आलोचनात्मक नज़र रखना आज इसलिए अनिवार्य तथा अपरिहार्य हो गया है क्योंकि इसका सबसे आत्मघाती और विनाशकारी असर हिन्दी साहित्य की मौलिकता,उसकी रचनात्मक गहराई और नए शोधार्थियों की स्वतंत्र व मौलिक सोच (Original Thinking) पर पड़ रहा है।

आज देश के बड़े से बड़े केंद्रीय विश्वविद्यालयों की मुख्य परीक्षाओं में कॉपियों का मूल्यांकन करते समय या शोध-प्रबंधों (Ph.D. Thesis) और रिसर्च पेपर देखते समय मात्राओं की जो भयंकर एवं अक्षम्य गलतियाँ,शब्दों का तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया विकृत रूप और व्याकरण का पूर्ण बिखराव सामने आता है,वह इसी तकनीकी भटकाव और रोमन लिपि के अंधाधुंध इस्तेमाल का सीधा और डरावना दुष्परिणाम है। आलोचना की पारखी दृष्टि से यह संकट केवल लिपि बदलने का कोई सतही या ऊपरी खेल नहीं है,बल्कि यह हिन्दी की अपनी स्वतंत्र सोचने की क्षमता,उसके अनूठे मुहावरों,उसकी देशज लोकोक्तियों और उसकी तार्किक सामर्थ्य को ही जड़ से कमजोर कर रहा है। जब कोई भाषा अपनी मूल लिपि को खो देती है, तो वह धीरे-धीरे अपनी ऐतिहासिक आत्मा और चिंतन की शक्ति से भी पूरी तरह हाथ धो बैठती है। यदि इंटरनेट,कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) तथा डिजिटल पटल के इस नए वैश्विक पटल पर देवनागरी को उसका पूरा अधिकार,उसका वैज्ञानिक हक व सम्मानजनक स्थान नहीं दिया गया,तो हमारी यह अत्यंत समृद्ध लिपि आने वाले समय में केवल पुरानी किताबों और पुस्तकालयों की बंद अलमारियों में एक मृत अवशेष की तरह सड़ कर रह जाएगी।

इस छद्म आधुनिकता तथा औपनिवेशिक मानसिकता ने हमारी संपूर्ण विचार प्रक्रिया में एक और गहरा खोखलापन पैदा किया है,जिसे हम 'विचारों का उथलापन' कह सकते हैं। रोमन अक्षरों में जब हिन्दी को लिखा या पढ़ा जाता है,तो लिखने वाला स्वतः ही किसी भी गंभीर वैचारिक विमर्श,दार्शनिक चिंतन या शास्त्रीय बहस से बचकर केवल सतही, सनसनीखेज,भड़काऊ एवं जल्दबाज़ी में लिखी गई बातें परोसने की ओर प्रवृत्त होता है। जटिल दार्शनिक गुत्थियों,शास्त्रीय सिद्धांतों या समालोचनात्मक विचारों को पूरी सूक्ष्मता के साथ अभिव्यक्त करने की जो अद्भुत तथा अद्वितीय क्षमता देवनागरी की वर्णमाला व उसके स्वर-व्यंजन के वर्गीकरण में है,वह रोमन के सीमित २६ अक्षरों के सांचे में संभव ही नहीं है। यही कारण है कि आज डिजिटल मंचों पर गंभीर और विचारोत्तेजक साहित्य का स्थान धीरे-धीरे फूहड़ 'मीम्स',रील व दो-तरफा चुटकुलों ने ले लिया है। यह हमारे रचना संसार का भयानक सांस्कृतिक पतन है,जिसके विरुद्ध आज के समालोचकों को अपनी तटस्थता छोड़कर पूरी वैचारिक शक्ति के साथ खड़ा होना होगा,अन्यथा इतिहास हमें कभी क्षमा नहीं करेगा।



 ४. अन्य विषयों के साथ अंतर्संबंध: समाजशास्त्र व भूगोल की कसौटी

यह भाषाई विभीषिका तथा लिपि का संकट केवल हिन्दी के साहित्यिक गलियारों या अकादमिक संस्थाओं के दायरे तक ही सीमित नहीं है। जब हम समाजशास्त्र एवं सांस्कृतिक भूगोल के दृष्टिकोण से इस भाषाई संक्रमण का विश्लेषण करते हैं,तो इसके परिणाम एवं भयावह और डरावने दिखाई देते हैं। समाजशास्त्र के बुनियादी नियम हमें बताते हैं कि भाषा किसी भी समाज को आपस में जोड़ने वाला सबसे मजबूत तथा आत्मीय माध्यम होती है। जब हम अपनी मूल लिपि को त्यागकर किसी बाहरी और औपनिवेशिक भाषा की लिपि का चश्मा पहन लेते हैं,तो हम अपने ही समाज के एक बहुत बड़े हिस्से को,जो उस विदेशी लिपि और उसके व्याकरण से सर्वथा अनभिज्ञ है,ज्ञान,विज्ञान व विमर्श की मुख्यधारा से बाहर का रास्ता दिखा देते हैं। यह डिजिटल विभाजन (Digital Divide) समाज के भीतर एक नए किस्म का सांस्कृतिक वर्ग-भेद, भाषाई अभिजात्यवाद तथा अहंकार पैदा कर रहा है,जहाँ हिंग्लिश टाइप करने वाला खुद को श्रेष्ठ,आधुनिक व कुलीन समझने लगता है, और अपनी शुद्ध देवनागरी लिखने वाले को पिछड़ा,गँवार और आदिम मान लिया जाता है। यह सामाजिक समरसता को खंडित करने वाली एवं वर्ग-संघर्ष को आमंत्रण देने वाली एक अत्यंत आत्मघाती प्रवृत्ति है।

सांस्कृतिक भूगोल के आईने में यदि हम उतरकर देखें,तो देवनागरी लिपि का हमारे भूगोल,हमारे अंचलों,कछारों और माटी से एक अटूट,जैविक तथा सनातनी रिश्ता स्थापित दिखाई देता है। हमारे देश की नदियाँ,हमारे पहाड़,कछार की नमी वाली मिट्टी और फसलों के जो नाम हैं,वे देवनागरी के अक्षरों की ध्वनि में इस कदर घुले-मिले हैं कि उन्हें रोमन लिपि के सीमित अक्षरों के क्रूर सांचे में पूरी प्रामाणिकता के साथ ढाला ही नहीं जा सकता। उदाहरण के लिए,कछार की माटी के उस सोंधेपन,जेठ की झुलसाती दोपहर की तड़प या फसलों की कटाई के समय के लोक-गीतों को जब हम रोमन में 'Kachhar', 'Dopehri' या 'Phasal' लिखते हैं,तो उस शब्द की भौगोलिक आत्मा, उसकी गंध और उसका दृश्य प्रभाव (Visual Impact) पूरी तरह दम तोड़ देता है। यह भाषाई औपनिवेशिक हमला हमारे समूचे सांस्कृतिक भूगोल को एक मरुस्थल में तब्दील करने की गहरी बाज़ारवादी साज़िश है,जिसके खिलाफ हिन्दी आलोचना को अब अपने बंद वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलकर एक आक्रामक और देशज भूमिका अपनानी होगी।

इस सामाजिक तथा भौगोलिक बिखराव को यदि हम औऱ अधिक सूक्ष्मता से समझें,तो यह स्पष्ट होता है कि भाषा का यह यांत्रिक रूपांतरण हमारे गाँवों और कस्बों की सामूहिक चेतना को गहरी चोट पहुँचा रहा है। उत्तर प्रदेश के देवरिया या गोरखपुर के किसी अंचल का किसान जब अपने खेतों,अपनी फसलों,अपनी बैलों की जोड़ी या अपनी पारंपरिक लोक-कथाओं को जीता है,तो उसके पीछे पीढ़ियों का एक संचित अनुभव,एक लंबी ज्ञान-परंपरा एवं विशिष्ट जीवन-संस्कार काम कर रहा होता है। उस जीवंत लोक-अनुभव को जब हम डिजिटल स्क्रीन पर रोमन के निर्जीव और यांत्रिक सांचे में कसने का हठ करते हैं,तो वह देशज चेतना वहीं छटपटाकर दम तोड़ देती है। समाजशास्त्र हमें बार-बार यह चेतावनी देता है कि जो समाज अपनी भौगोलिक जड़ों और भाषाई अस्मिता को काट देता है,वह अंततः वैश्विक बाजार के हाथों की एक बेजान एवं मूक कठपुतली बनकर रह जाता है।



५. विधागत परिदृश्य व डिजिटल माध्यमों में हिन्दी गद्य-पद्य का रूप

यदि हम डिजिटल माध्यमों पर परोसी जा रही समकालीन हिंदी की विभिन्न साहित्यिक विधाओं का निष्पक्ष और कड़ा मूल्यांकन करें,तो कविता से लेकर गद्य की तमाम विधाओं तक,हर जगह इस मशीनी भटकाव और भाषाई ह्रास के लक्षण साफ-साह दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया की दीवारों पर प्रतिदिन लिखी जा रही अधिकांश कविताएं अपनी भाषा,अपने शिल्प व अपने कथ्य में उतनी गहरी,स्थायी और विचारोत्तेजक नहीं हो पा रही हैं,क्योंकि उनका मुख्य लक्ष्य देवनागरी की साधना करना, शब्द-शिल्प को मांजना या लोक-चेतना को जाग्रत करना नहीं है, बल्कि रोमन लिपि या विकृत हिंदी का उपयोग करके तुरंत 'लाइक्स', 'कमेंट्स' और 'शेयर' की संख्या बटोरना हो गया है। इस त्वरित लोकप्रियता तथा मंचीय वाहवाही की अंधी हवस ने कविता के भीतर की उस तरलता,सोंधेपन,उसकी संवेदनात्मक गहराई एवं देशज मिजाज को अपूरणीय क्षति पहुँचाई है जो कभी बाबा नागार्जुन, केदारनाथ सिंह,केदारनाथ अग्रवाल,राजेश जोशी,गोरख पांडेय,त्रिलोचन या मुक्तिबोध की कविताओं की मूल जीवनी-शक्ति हुआ करती थी।

गद्य की विधाओं,विशेषकर कहानी,उपन्यास व ललित निबंधों की स्थिति भी डिजिटल पटल पर अत्यंत चिंताजनक और शोचनीय बनी हुई है। विभिन्न व्यक्तिगत ब्लॉगों और ई-पत्रिकाओं में जो कहानियां हिंग्लिश या व्याकरण-विहीन विकृत देवनागरी में धड़ल्ले से अपलोड की जा रही हैं, उनमें से हमारे समाज का वह ठेठ,अनगढ़,मिट्टी से जुड़ा तथा प्रामाणिक यथार्थ गायब होता जा रहा है जो फणीश्वरनाथ रेणु के 'मैला आँचल' या संजीव के उपन्यासों में पूरी प्रामाणिकता के साथ धड़कता था। जब लेखक की सोच और उसकी वैचारिक प्रक्रिया ही रोमन लिपि के ढर्रे पर और पश्चिमी मुहावरों पर चलने लगती है,तो उसके द्वारा गढ़े गए पात्र भी अपनी माटी की सोंधी गंध खो देते हैं और वे किसी पश्चिमी रचना के घटिया अनुवाद की तरह बेजान एवं कृत्रिम लगने लगते हैं। डिजिटल माध्यमों में हिन्दी गद्य को यदि अपनी 'हरी साख',अपनी मौलिक गरिमा और अपनी धरातलीय पहचान बचानी है,तो उसे पुनः देवनागरी की उसी सुगठित व्याकरणिक, शास्त्रीय और मुहावरेदार परंपरा की ओर लौटने का साहसिक व भगीरथ प्रयास करना होगा जिसने आचार्य रामचंद्र शुक्ल,पं.हजारीप्रसाद द्विवेदी,राजेन्द्र यादव,मृदुला गर्ग,शिवप्रसाद सिंह,शेखर जोशी,काशीनाथ सिंह,शैलेश मटियानी तथा कुबेरनाथ राय जैसे युग-प्रवर्तक मनीषियों व गद्यकारों को जन्म दिया।

इस विधागत पतन का एक तथा सबसे बड़ा कारण यह है कि डिजिटल मंचों पर अब कोई संस्थागत संपादकीय नियंत्रण या भाषाई अनुशासन शेष नहीं रह गया है। छपाई तथा प्रिंट के पुराने दौर में जब कोई रचना किसी प्रतिष्ठित पत्रिका में प्रकाशन के लिए प्रेषित की जाती थी,तो उसके व्याकरण,वर्तनी की शुद्धता,लिंग-विधान एवं वैचारिक कथ्य की योग्य संपादकों द्वारा कड़ी कॉपियों के जरिए बार-बार जांच की जाती थी। परंतु आज ब्लॉगर या सोशल मीडिया पर हर व्यक्ति किसी भी भाषाई प्रशिक्षण या अनुशासन के बिना कुछ भी अशुद्ध लिखने और उसे महान साहित्य घोषित करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। यह उच्छृंखल और अमर्यादित स्वतंत्रता जहाँ एक ओर सकारात्मक जनतांत्रिक बदलाव का भ्रम पैदा करती है,वहीं दूसरी ओर इसने भाषा की मर्यादा,शास्त्रीय गरिमा और उसकी साख को भारी ठेस पहुँचाई है। आलोचकों को अब इन डिजिटल मंचों पर अपनी उदासीनता को छोड़कर एक सजग प्रहरी और 'वर्चुअल संपादक' की सक्रिय भूमिका निभानी होगी,जो बिना किसी लाग-लपेट या गुटीय संकीर्णता के दूध का दूध और पानी का पानी अलग कर सके।



 ६. व्याकरणिक मर्यादा व वर्तनी दोषों की विभीषिका

डिजिटल हिंदी के इस तथाकथित आधुनिक और चमकीले दौर में व्याकरण की मर्यादा तथा वर्तनी की शुद्धता पर जो भीषण संकट मंडरा रहा है,वह किसी भाषाई महाविनाश और सांस्कृतिक प्रलय से कम नहीं है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर हावी हो चुकी 'चलता है' वाली आत्मघाती और लापरवाह संस्कृति ने हिंदी के क्रिया-पदों,उसकी संज्ञाओं, कारक-चिह्नों और लिंग-विधान को पूरी तरह से तहस-नहस करके रख दिया है। 'है' और 'हैं' का बुनियादी अनुनासिक अंतर, 'की' (दीर्घ) और 'कि' (ह्रस्व) का सही स्थान पर वाक्यगत प्रयोग, तथा श, ष, स जैसी संवेदनशील ध्वनियों का बुनियादी भेद आज के डिजिटल लेखन से पूरी तरह गायब होता जा रहा है। शब्द-लिंग दोषों की स्थिति तो इतनी दयनीय और हास्यास्पद है कि कई बार वाक्य के भीतर कर्ता और क्रिया के लिंग का कोई तार्किक या व्याकरणिक तालमेल ही नहीं दिखाई देता, जिससे पूरी साहित्यिक अभिव्यक्ति शिथिल,प्रभावहीन और मृतप्राय हो जाती है।

यह भाषाई अराजकता व उच्छृंखलता जब इंटरनेट की वर्चुअल स्क्रीन से निकलकर हमारे अकादमिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों के परीक्षा कक्षों और शोधार्थियों की परीक्षाओं की कॉपियों तक घुसपैठ करती है,तो पूरे हिन्दी समाज की बौद्धिक साख और उसकी योग्यता पर एक बहुत बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो जाता है। वर्तनी के ये गंभीर दोष केवल टाइपिंग की कोई साधारण मानवीय गलतियाँ नहीं हैं,बल्कि ये इस बात का साक्षात और प्रामाणिक प्रमाण हैं कि हमारा अपनी भाषा के प्रति जो एक संवेदनात्मक, आत्मीय, तार्किक और बौद्धिक जुड़ाव होना चाहिए था, वह अब पूरी तरह से खंडित हो चुका है। आलोचना दृष्टि का यह परम, नैतिक तथा युगीन दायित्व है कि वह इस भाषाई अराजकता को रोकने के लिए एक कड़ा,अनुशासनात्मक और सुधारात्मक रुख अख्तियार करे। हमें यह बात अपने ज़हन में पूरी गहराई से बैठानी होगी कि किसी भी भाषा की सुंदरता,उसका सौंदर्य और उसकी वास्तविक शक्ति उसकी व्याकरणिक सुगठन,उसके नियमों की पवित्रता एवं उसकी प्रांजलता में ही सुरक्षित होती है; यदि हम उसके नियमों को इसी तरह आधुनिकता के नाम पर तोड़ते-मरोड़ते रहे,तो वह आने वाले समय में एक वैज्ञानिक संचार माध्यम के रूप में अपनी प्रासंगिकता,अपनी धमक तथा अपनी वैश्विक साख पूरी तरह खो देगी।

डिजिटल माध्यमों पर अक्सर कुछ स्वघोषित विद्वानों द्वारा यह लचर और हास्यास्पद तर्क दिया जाता है कि मोबाइल के 'कीबोर्ड' पर देवनागरी में टाइप करना अधिक समय लेता है एवं यह अत्यंत जटिल प्रक्रिया है, इसलिए गति बनाए रखने के लिए व्याकरण के नियमों की अनदेखी की जा सकती है। यह तर्क अत्यंत भ्रामक,गैर-जिम्मेदाराना तथा बौद्धिक आलस्य से भरा हुआ है। भाषा की अपनी एक पवित्रता,मर्यादा एवं आंतरिक लय होती है,और जब हम उस मर्यादा को नष्ट करते हैं,तो हम अपनी विचार प्रक्रिया को भी पूरी तरह से विकृत,खोखला व पंगु बना लेते हैं। अशुद्ध वर्तनी अंततः अशुद्ध,सतही और उथले चिंतन को ही जन्म देती है। यदि आज का शोधार्थी या छात्र अपनी मुख्य परीक्षा की कॉपी में 'परिवर्तन' को 'parivartan' या 'परिबरतन' लिख रहा है,तो यह केवल उसकी वर्तनी की साधारण अज्ञानता नहीं है,वरन यह उसकी उस मानसिक जड़ता और सांस्कृतिक दासता का साक्षात प्रतीक है जो तकनीक के अनियंत्रित,विवेकहीन तथा रीढ़विहीन उपयोग से समाज में पैदा हुई है।


 ७. समकालीन चुनौतियाँ व साहित्यालोचन का युगीन दायित्व

आज हिन्दी समालोचना के सम्मुख सबसे बड़ी,गंभीर तथा ऐतिहासिक चुनौती यह है कि वह खुद को केवल अतीत के गौरवगान,मंचीय लफ्फाजी,गुटीय प्रशंसा और पुराने ग्रंथों की जुगाली तक ही सीमित न रखे,बल्कि इस डिजिटल पटल पर हो रहे भाषाई विलोपन,लिपि के क्षरण और सांस्कृतिक प्रदूषण के खिलाफ एक अभेद्य बौद्धिक ढाल बनकर खड़ी हो। हमारी समकालीन आलोचना के सामने सबसे बड़ा संकट यह है कि वह अक्सर महानगरों के वातानुकूलित कमरों में बैठकर बड़े-बड़े आयातित पश्चिमी सिद्धांतों पर तो लंबी-चौड़ी सेमिनारी बहसें करती है, लेकिन जब वास्तविक धरातल पर इंटरनेट,ब्लॉग और मोबाइल की स्क्रीन पर हमारी अपनी देवनागरी लिपि का गला घोंटा जा रहा होता है,तब वह कोई प्रभावी,व्यावहारिक तथा ठोस हस्तक्षेप करने में पूरी तरह नाकाम और अक्षम साबित होती है। आज की युगीन प्रासंगिकता इसी बात में निहित है कि आलोचना डिजिटल हिन्दी के इस रचना संसार के भीतर पैठकर,उसके कीचड़ को साफ करे और सही व गलत का अंतर समाज के सामने पूरी प्रखरता और निर्भीकता से रखे।

आलोचना को अब अपने प्रशंसात्मक,आत्ममुग्ध,गुटीय व अनमने रवैये से पूरी तरह बाहर निकलना होगा। उसे सोशल मीडिया,ब्लॉग और वेबसाइट्स पर लिखे जा रहे इस नए डिजिटल साहित्य का भी उसी कड़े, वैज्ञानिक,शास्त्रीय तथा कठोर पैमाने पर मूल्यांकन करना होगा,जिस पैमाने पर वह छपी हुई कालजयी किताबों या पत्रिकाओं का करती आई है। जब तक हमारी मुख्यधारा की आलोचना इस डिजिटल यथार्थ से अपनी आँखें चुराती रहेगी और इसे 'सतही माध्यम' कहकर उपेक्षित करती रहेगी,तब तक वह अपनी युगीन प्रासंगिकता खोती रहेगी और समाज उसका मार्गदर्शन स्वीकार करना बंद कर देगा। आज के प्रबुद्ध आलोचकों का यह पहला और नैतिक कर्तव्य है कि वे युवा पीढ़ी को यह समझाएं कि आधुनिक,वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से उन्नत होने का अर्थ अपनी पहचान,अपने संस्कारों एवं अपनी जड़ों को कुल्हाड़ी से काट देना बिल्कुल नहीं है,अपितु अपनी भाषा और अपनी लिपि के स्वाभिमान को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक तकनीक का सही,संतुलित तथा विवेकपूर्ण उपयोग करना है।

इस डिजिटल मोर्चे पर साहित्यालोचन को एक सर्वथा नई,मौलिक व देशज सैद्धांतिक शब्दावली भी विकसित करनी होगी। हमें पश्चिम से आयातित चमकीले और बाज़ारवादी सिद्धांतों के सम्मोहन को छोड़कर अपने कबीर, तुलसी, सूर और आचार्य रामचंद्र शुक्ल की कसौटियों पर इस नए डिजिटल साहित्य को कसना होगा। जब तक हम लोक-मंगल, लोक-चेतना तथा भाषाई अस्मिता के सिद्धांतों पर इस नए माध्यम का मूल्यांकन नहीं करेंगे,तब तक हम इसके भीतर की विसंगतियों और विकृतियों को दूर नहीं कर पाएंगे। आलोचना का वास्तविक काम केवल कमियाँ निकालना,छिद्रान्वेषण करना या दोषारोपण करना नहीं है,बल्कि भटके हुए समाज, दिशाहीन युवाओं और रचनाकारों को सही रास्ता दिखाना भी है। आज के आलोचक को तकनीक का अंध विरोधी या शत्रु नहीं,वरन तकनीक का एक सजग,कड़ा,कुशल एवं विवेकवान नियंत्रक बनना होगा।



८. समाधान की राह: तकनीक का उपयोग व स्वाभिमान का संकल्प

इस भयानक भाषाई औपनिवेशिकता,मानसिक हीन भावना तथा लिपि के संकट से उबरने के लिए हमें किसी नई तकनीक,कंप्यूटर,स्मार्टफोन या वैज्ञानिक तरक्की का कोई अंधा विरोध बिल्कुल नहीं करना है। हमें तकनीक से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है,अपितु इन आधुनिक डिजिटल उपकरणों को अपनी ज़रूरत,अपने अंचल के मुहावरों और अपनी सांस्कृतिक चेतना के हिसाब से ढालकर उनका 'देशज उपयोग' करना होगा। आज के अत्याधुनिक स्मार्टफोन और कंप्यूटर में देवनागरी में बेहद तेजी और सुगमता से टाइप करने के कई वैज्ञानिक कीबोर्ड(जैसे इनस्क्रिप्ट और इंडिक कीबोर्ड) मौजूद हैं तथा उससे भी आसान व क्रांतिकारी तरीका—केवल बोलकर लिखने अर्थात वॉइस-टू-टेक्स्ट (Voice-to-Text) के बेहतरीन,प्रामाणिक और वैज्ञानिक विकल्प पूरी तरह उपलब्ध हैं। बस आवश्यकता इस बात की है कि हमारा युवा वर्ग अपनी मानसिक हीनभावना को त्यागे,अपने भीतर के हीन-ग्रंथि को नष्ट करे,अपनी दैनिक आदतों को बदले एवं अपनी मातृभाषा को देखने का अपना नज़रिया बदले।

इसके साथ ही,हमारे प्रबुद्ध समाज,हिन्दी के विश्वविद्यालयों,अकादमिक संस्थाओं,शिक्षण संस्थानों और संपूर्ण साहित्य जगत को भी एकजुट होकर आज के युवाओं के मन में अपनी राष्ट्रभाषा तथा देवनागरी लिपि के लिए एक स्वाभाविक आदर,गौरव और भाषाई स्वाभिमान की भावना को पुनः जाग्रत करना होगा। वैश्विक मंच पर हिन्दी का सम्मान,उसकी गरिमा व उसकी वैज्ञानिकता तभी अक्षुण्ण रह सकती है,जब हम अपने इस डिजिटल तकनीकी रचना संसार में देवनागरी के अक्षरों को हर हाल में बचाए रखने का एक पक्का,व्यावहारिक,धरातलीय और निष्ठापूर्ण संकल्प लें। यह केवल एक भाषा को बचाने की सतही या ऊपरी लड़ाई नहीं है,अपितु यह हमारी आने वाली पीढ़ियों की सोच,उनके देशज संस्कारों, उनकी चिंतन-प्रक्रिया और हमारी संपूर्ण सभ्यता की आत्मा को सुरक्षित रखने का एक महान,अनिवार्य एवं युगीन अनुष्ठान है।

तकनीक का यह देशज उपयोग तथा उसका मानवीकरण तभी धरातल पर संभव हो पाएगा जब हमारे भीतर अपनी भाषा को लेकर कोई संकोच या हीनभावना शेष नहीं होगी। जब हम गर्व से अपनी स्क्रीन पर देवनागरी के अक्षरों को चमकते हुए देखेंगे,तभी दुनिया की अन्य भाषाएँ और संस्कृतियाँ भी हमारी लिपि की वैज्ञानिकता का लोहा मानेंगी। आज बड़ी-बड़ी बहुराष्ट्रीय तकनीकी कंपनियां हिन्दी को अपने मंचों पर ला तो रही हैं, लेकिन वे उसे 'हिंग्लिश' के रूप में विकृत करके परोसना चाहती हैं क्योंकि इसमें उनका भारी व्यावसायिक लाभ और बाज़ारवादी हित छिपा है। वे हमें अपनी जड़ों से काटकर एक उपभोक्ता मात्र बना देना चाहती हैं। हमें इस व्यापारिक चाल और औपनिवेशिक साज़िश को गहराई से समझना होगा और इन कंपनियों को यह मजबूर करना होगा कि वे भारतीय उपभोक्ताओं को शुद्ध,परिमार्जित एवं मानक देवनागरी का ही विकल्प प्रदान करें। यह युगीन बदलाव तभी संभव है जब एक सजग उपभोक्ता,प्रबुद्ध नागरिक और जागरूक पाठक के रूप में हमारा भाषाई स्वाभिमान जाग्रत होगा तथा हम हिंग्लिश का पूर्णतः बहिष्कार कर देवनागरी को अपनाएंगे।



निष्कर्ष 

अंततोगत्वा, 'डिजिटल हिन्दी की आलोचना दृष्टि' हमें यह अंतिम,अचूक,प्रखर और ऐतिहासिक संदेश देती है कि तकनीक मनुष्य के कल्याण,उसकी चेतना के विस्तार तथा उसकी सुविधा के लिए है,न कि उसकी भाषाई अस्मिता, उसकी लिपि व उसकी सांस्कृतिक पहचान को नष्ट करने के लिए। जब तक हम इंटरनेट के इस असीम,अनियंत्रित और गहरे महासागर में देवनागरी की नाव को पूरी मजबूती,निष्ठा व संकल्प के साथ नहीं थामेंगे,तब तक हम इस भाषाई उपनिवेशवाद के विनाशकारी बवंडर से खुद को और अपने समाज को कदापि नहीं बचा पाएंगे। ब्लॉगर, वेबसाइट्स और अन्य सभी डिजिटल मंचों पर लिखने वाले हर संवेदनशील रचनाकार, कवि और आलोचक का यह परम,नैतिक और जातीय दायित्व है कि वह अक्षरों की शुद्धता,व्याकरण की मर्यादा,वाक्य-विन्यास की प्रांजलता तथा देवनागरी के ऐतिहासिक गौरव को अपनी हर पोस्ट में सर्वोच्च स्थान प्रदान करे। यही हमारी मनीषा का अंतिम एवं वास्तविक संकल्प होना चाहिए। इसी संकल्प के बल पर हमारी भाषा वैश्विक पटल पर एक बार फिर अपने पूरे वैभव,वैज्ञानिकता,गरिमा और स्वाभिमान के साथ सिर उठाकर खड़ी हो सकेगी और आने वाली पीढ़ियों को एक समृद्ध,अक्षुण्ण एवं जीवंत भाषाई विरासत सौंपने में सफल हो पाएगी।


मूल्यांकन की परिधि 

साहित्य व आलोचना की यह देशज,आत्मीय और बौद्धिक बतकही ही अंततः वह रास्ता दिखाएगी जहाँ मनुष्य अपने यांत्रिक अहंकार,मशीनी दासता और आभासी सम्मोहन को छोड़कर पुनः अपनी मिट्टी,अपने अंचल, अपनी संस्कृति और अपनी भाषा का एक विनम्र व सजग अंग बन सकेगा। जब तक हम इस सनातन सत्य को अपने जीवन व रचना-कर्म में पूर्णतः अंगीकार नहीं करेंगे,तब तक डिजिटल माध्यमों पर किए जाने वाले सभी साहित्यिक उपक्रम केवल कागज़ी,सतही और आत्मघाती ही सिद्ध होंगे। आज हमें अपनी लेखनी, अपने ब्लॉग,अपने शोध और अपने संपूर्ण चिंतन को इसी 'हरी देशज सजगता' की ओर मोड़ना होगा; यही हमारी मनीषा का अंतिम,वास्तविक तथा युगीन संकल्प होना चाहिए और इसी संकल्प से कछार की माटी की सुवास संपूर्ण विश्व में फैल सकेगी।



लेखक परिचय (साहित्यिक एवं अकादमिक परिचय)

शशांक प्रिय मिश्र ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से हिन्दी साहित्य व भाषा ज्ञान-परंपरा में स्नातकोत्तर सहित डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय से बी.एड. के पश्चात संस्कृत साहित्य में स्नातक विशेष की उपाधि प्राप्त की औऱ इलाहाबाद विश्वविद्यालय,प्रयाग से भी शैक्षणिक तौर पर जुड़े रहे।उन्होंने सभी शैक्षणिक परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी,प्रथम- द्वितीय स्थान व विशेष योग्यता हासिल कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है।उनके २४ से अधिक उच्च स्तरीय शोध-पत्र,साहित्यिक समीक्षाएँ एवं मौलिक कविताएँ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित एवं मानक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। 'साहित्य के पंख' (ऑनलाइन उपलब्ध) नामक उनकी १ महत्वपूर्ण पुस्तक प्रकाशित है और वे लगभग ५० राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में शोध-पत्र प्रस्तुति सहित अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित हैं। वे मध्य प्रदेश तुलसी साहित्य अकादमी,भोपाल तथा अंतरराष्ट्रीय सरस्वती साहित्य समिति,लखनऊ के देवरिया जिला इकाई के अध्यक्ष के रूप में साहित्यिक,भाषाई एवं सांस्कृतिक मोर्चे पर निरंतर सक्रिय हैं।


Medium.com पर प्रकाशित मेरे बशीर बद्र पर एक लेख का लिंक नीचे है चाहें तो इसे पढ़ सकते हैं 


https://medium.com/@2spm1771/%E0%A4%B6%E0%A4%AC%E0%A5%8D%E0%A4%A6-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%A6%E0%A5%87%E0%A4%B9-%E0%A4%94%E0%A4%B0-%E0%A4%85%E0%A4%A8%E0%A4%B9%E0%A4%A6-%E0%A4%95%E0%A4%BE-%E0%A4%A8%E0%A4%BE%E0%A4%A6-%E0%A4%A1%E0%A5%89-%E0%A4%AC%E0%A4%B6%E0%A5%80%E0%A4%B0-%E0%A4%AC%E0%A4%A6%E0%A5%8D%E0%A4%B0-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%95%E0%A4%BE%E0%A4%B5%E0%A5%8D%E0%A4%AF-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A7%E0%A4%A8%E0%A4%BE-%E0%A4%95%E0%A4%BE-%E0%A4%A6%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A5%8D%E0%A4%B6%E0%A4%A8%E0%A4%BF%E0%A4%95-%E0%A4%AA%E0%A5%8D%E0%A4%B0%E0%A4%B8%E0%A5%8D%E0%A4%A5%E0%A4%BE%E0%A4%A8-df81f11d6257?source=friends_link&sk=65289f2da8d1721a86a9cf88cda65dab

टिप्पणियाँ

  1. अति विचारोत्तेजक आलेख और आलोचना दृष्टि

    जवाब देंहटाएं
  2. बहुत ही अच्छा और उच्च कोटि का आलोचनात्मक आलेख। शशांक प्रिय मिश्र जी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्रंथ-विमुक्ति व हिन्दी गद्य का स्क्रीन विमर्श